कृषि व पशुपालन के क्षेत्र में नवाचार, जागरूकता और सहभागिता को मिलेगा बढ़ावा
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) को लेकर मंगलवार को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘‘ग्राम रथ अभियान’’ का शुभारंभ मिनी सचिवालय परिसर से ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान भावना झाला सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
इस अवसर सभी रथों के वाहन चालकों का माला पहनाकर अभिनंदन किया। जिला परिषद के सीईओ शंभुदयाल मीणा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नरेशकुमार शर्मा, उद्यान विभाग के सहायक निदेशक सुभाष चन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अभियान से संबंधित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। चारों विधानसभा क्षेत्रों में होगा व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान के तहत झालावाड़ जिले की चारों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों झालरापाटन, खानपुर, डग व मनोहरथाना की 270 ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन 4 से 5 स्थानों पर पहुंचकर ऑडियो-वीडियो माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
अभियान में 13 विभागों की योजनाओं का समावेश ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक प्रचार सामग्री भी उपलब्ध करवाई है। कलेक्टर राठौड़ ने बताया कि ‘ग्राम रथ अभियान’ का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त बनाना तथा उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से व्यापक रूप से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल प्रधानमंत्री के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में प्रभावी माध्यम बनेगी तथा कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में नवाचार, जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देगी।
Aima media झालावाड़