किसान के घर में लाखों की चोरी पीड़ित ने बताया तमंचे के बाल पर 40 तोला सोना ढाई किलो चांदी और 3 लाख कैश ले गए
शाहजहांपुर:
जिले के निगोही क्षेत्र में एक किसान के घर बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूट ली। आरोप है कि बदमाशों ने घर में मौजूद युवक को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
थाना निगोही क्षेत्र के उनखुर्द गांव निवासी किसान कलेक्टर सिंह अपने परिवार के साथ 27 अप्रैल को बदायूं में एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए थे। घर पर उनका एक बेटा मौजूद था। देर रात चार से पांच बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। आहट होने पर जब बेटे की आंख खुली तो बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर काबू में कर लिया और बंधक बना दिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारियां खंगाल डालीं। पीड़ित के अनुसार, बदमाश करीब 40 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और करीब तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। नकदी हाल ही में सरसों बेचकर मिली थी, जिसे बेटी की शादी के लिए रखा गया था।
वारदात के बाद बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। बेटे ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। मंगलवार सुबह किसान के घर लौटने पर पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि प्रारंभिक सूचना में चोरी की बात सामने आई थी, बाद में दूसरी तहरीर में लूट का आरोप लगाया गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा किया है।