डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी से जदयू नेताओं की मुलाकात, खगड़िया के विकास को मिला नया संकल्प ।
खगड़िया के हर सपने को मिलेगा आकार — विजय कुमार चौधरी
AIMA मीडिया न्यूज
खगड़िया(बिहार)
28 अप्रैल ।
||डीप्टी सीएम ने विकास और संगठन सशक्तिकरण पर दिया स्पष्ट संदेश- शास्त्री||
जनता दल (यूनाइटेड) के जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री एवं जदयू तकनीकी एवं श्रम प्रकोष्ठ के खगड़िया नगर परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार ने मंगलवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री व वरिष्ठ जदयू नेता विजय कुमार चौधरी से पटना स्थित उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने उन्हें उप मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई देते हुए सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
मुलाकात के दौरान खगड़िया जिले के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। साथ ही, जदयू संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं धारदार बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी मार्गदर्शन मिला।
आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने बताया कि उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने खगड़िया के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्पष्ट कहा कि खगड़िया में विकास की अपार संभावनाएं हैं, आवश्यक प्रस्ताव एवं योजनाएं लाएं, हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक न्याय के साथ समग्र विकास की गति को और तेज करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
शास्त्री ने इस आत्मीय एवं प्रेरणादायक भेंटवार्ता के लिए उप मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मुलाकात खगड़िया के विकास को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगी।
वहीं, धीरेंद्र कुमार ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात को अपने लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह संचारित होगा।
इस मुलाकात को जदयू कार्यकर्ताओं के बीच अत्यंत सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे खगड़िया के विकास और संगठनात्मक विस्तार को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।