महिला द्वारा धमकी और अभद्र व्यवहार की शिकायत, अधिकारियों से कार्यवाही की मांग
बरेली। एक महिला के खिलाफ धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है, जिसकी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गई है। पीड़िता, पत्रकार ज़हरा ख़ान उर्फ नैना ने आरोप लगाया है कि आसमां नाम की महिला ने उन्हें फोन कर अपशब्द कहे और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, इस घटना की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास सुरक्षित है, जिसे साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी महिला पर पहले से कई लोगों को झूठे मामलों में फंसाने और समझौते के नाम पर धन उगाही करने जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में एक चिकित्सक, डॉ. मोहम्मद अय्यूब अंसारी के खिलाफ भी इसी महिला द्वारा कथित रूप से गलत आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली, एसएसपी बदायूं सहित संबंधित अधिकारियों को भेजकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।