*इमरान हत्याकांड: 22 आरोपियो के खिलाफ लम्बित केस में विवेचक का मुख्य बयान जारी*
*प्रधानी के चुनाव की रंजिश में पांच साल पूर्व हुई हत्या का मामला
इमरान हत्याकांड: 22 आरोपियो के खिलाफ लम्बित केस में विवेचक का मुख्य बयान जारी
प्रधानी के चुनाव की रंजिश में पांच साल पूर्व हुई हत्या का मामला
सुलतानपुर। प्रधानी के चुनाव प्रचार के दौरान करीब पांच साल पूर्व जिला पंचायत सदस्य मो.आलम पर हुए हमले एवं उनके समर्थक इमरान की हत्या सहित अन्य आरोप में 22 आरोपियो के खिलाफ चल रहे ट्रायल में एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की अदालत में साक्ष्य पर सुनवाई के लिए तारीख नियत रही। मामले में अभियोजन पक्ष के गवाह एसआई उमेश कुमार मिश्रा शाहजहांपुर से जरिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग अदालत में हाजिर हुए,जिनका मुख्य बयान दर्ज करने की कार्रवाई शुरू हुई। फिलहाल अभी उनका मुख्य बयान पूरा नहीं हो सका है। शासकीय अधिवक्ता पवन कुमार दूबे व वादी के निजी अधिवक्ता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि अदालत ने साक्षी एसआई का शेष मुख्य बयान दर्ज करने के लिए छह मई की तारीख तय किया है।अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली के औरंगाबाद गांव के रहने वाले अमीर उल्ला ने 25 अप्रैल साल 2021 की सुबह करीब नौ बजे की घटना बताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। उनके आरोप के मुताबिक पूर्व जिला पंचायत सदस्य मो.आलम की पत्नी नाहिद चुनाव लड़ रही थी, जिनके चुनाव प्रचार के लिए उनके समर्थक मो. इमरान व दर्जनों लोग निकले हुए थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के रहने वाले आरोपी मोईन व अन्य ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों के हमले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मो.आलम,वादी अमीर उल्ला एवं इमरान समेत अन्य को गंभीर चोटे आई। हमले में घायल हुए इमरान की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में वादी की तहरीर पर पांच नामजद व कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओ में मुकदमा दर्ज हुआ।मामले की विवेचना के दौरान आरोपी मोईन समेत 22 लोगों के खिलाफ पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोप-पत्र पेश किया है। मामले का विचारण एडीजे प्रथम की अदालत में चल रहा है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक आरोपी मोइन भी चुनाव लड़ रहा था,इसी रंजिश की वजह से उसने अन्य आरोपियो के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। फिलहाल इस घटना के बाद पूर्व जिला पंचायत सदस्य की पत्नी नाहीद चुनाव जीत गई और वह वर्तमान समय में भी प्रधान है। मामले में अभियोजन गवाह एसआई उमेश कुमार मिश्रा के शेष मुख्य बयान के लिए अगली तारीख तय की गई है।