कुएं में गिरकर सांड की मौत, ग्रामीणों ने मिट्टी भरकर किया दफन
बिहार के बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत घसीया पंचायत के बड़ा टोला बेलडिहा गांव में एक आवारा सांड की कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना से गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत में स्थित एक पुराना और अनुपयोगी कुआं, जो आधा मिट्टी और कूड़े से भरा हुआ था, लंबे समय से बंद पड़ा था। बताया जा रहा है कि सांड किसी कारणवश कुएं में मुंह के बल गिर गया और अंदर फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सांड को बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन कुएं की स्थिति और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। काफी मशक्कत के बावजूद जब सांड को बाहर निकालना संभव नहीं हुआ, तब गांव के लोगों ने आपसी सहमति से उसी कुएं में नमक का छिड़काव कर मिट्टी डालकर उसे वहीं दफना दिया, ताकि दुर्गंध या अन्य समस्या उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कुआं लंबे समय से बेकार पड़ा था और पहले भी इसके कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे परित्यक्त कुओं को चिन्हित कर उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।