प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज
लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश, 29 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे बसें होंगी रवाना
शाहजहांपुर, 27 अप्रैल। जनपद हरदोई के मल्लावां में 29 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शाहजहांपुर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए संख्या व व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि किसी भी लाभार्थी को असुविधा न हो।
उन्होंने परिवहन व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 29 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे सभी बसें निर्धारित स्थानों से समय पर रवाना हों। साथ ही लाभार्थियों की सूची उनके मोबाइल नंबर के साथ तैयार करने के भी निर्देश दिए, जिससे समन्वय में कोई दिक्कत न आए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लाभार्थियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए यात्रा के दौरान सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।