टायर फटने से कोल्ड ड्रिंक से भरी डीसीएम पलटी, बाइक सवार की मौत
शाहजहांपुर में हादसा: चार घायल, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टायर फटने से कोल्ड ड्रिंक से भरी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में आकर एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रोजा क्षेत्र के टेढ़ी पुलिया के पास करीब एक बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कैंपा कोल्ड ड्रिंक से लदी डीसीएम सीतापुर की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन टेढ़ी पुलिया के पास पहुंचा, उसका अगला टायर अचानक फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डीसीएम सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बिखर गईं।
डीसीएम के पलटने के दौरान आसपास गुजर रही दो बाइकों पर सवार पांच लोग इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां इलाज के दौरान लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना क्षेत्र के बरबर गांव निवासी सुरेंद्र की मौत हो गई।
घायलों में सेहरामऊ दक्षिणी के अकबरपुर निवासी मनोज, रोजा के चकभिटारा निवासी आदर्श, मंगलीपुरवा निवासी पवनेश और चर्च कॉलोनी निवासी सेवाराम शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है।
रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि हादसे में पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।