logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बुद्ध पूर्णिमा पर बोधगया में 40 देशों के साधकों का होगा जुटान

बोधगया में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर परम पूज्य साईं मां लक्ष्मी देवी का आगमन होगा। उनके साथ देश-विदेश से बड़ी संख्या में संतों और साधकों का भव्य जुटान होगा। सोमवार को बोधगया स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में अंतराष्ट्रीय योगगुरु पंचमुखी महादेव पीठाधीश्वर स्वामी संतोषानंद जी महाराज ने कहा कि यह आयोजन मानवता, शांति और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का वैश्विक मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि यही वह धरती है, जहां गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई और विश्व को शांति का मार्ग मिला। उन्होंने कहा कि 1 से 4 मई तक प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसमें 40 से अधिक देशों के करीब 90 अंतरराष्ट्रीय साधक तथा भारत के 20 से अधिक साधक बोधगया पहुंचेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा पर महाबोधि मंदिर स्थित पवित्र बोधिवृक्ष के सानिध्य में ध्यान साधना से होगी। 2 मई को वट थाई मगध बौद्ध विपश्यना केंद्र में “आंतरिक शांति और चेतना का विज्ञान” विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। 3 मई को श्रीजगन्नाथ मंदिर में वैदिक महायज्ञ, संत सम्मेलन और भंडारा का आयोजन किया जाएगा। वहीं 4 मई को विष्णुपद मंदिर में पितृ पूजन और पिंडदान कार्यक्रम होगा। संध्या में पुनः महाबोधि मंदिर में ध्यान, सत्संग और बुद्ध वंदना के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। मौके पर श्रीजगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, सदस्य डॉ बृजेंद्र कुमार चौबे, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद थे।

0
6104 views

Comment