बिजनौर में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, सुबह 7:30 से 12:30 तक चलेंगी कक्षाएं
बिजनौर। जनपद में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद बिजनौर के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं विभिन्न बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों में कक्षाएं अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित की जाएंगी।
यह आदेश माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर भी लागू होगा। प्रशासन ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया है।
हालांकि, विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारी पूर्व निर्धारित समय तक विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।