ग्रण्डा में निकली भव्य कलश जल शोभा यात्रा, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
औरंगाबाद(बिहार ): श्री श्री प्राचीन पंचमुखी शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली भव्य कलश जल शोभा यात्रा
मदनपुर प्रखंड अंतर्गत वार पंचायत के ग्रण्डा गांव में नव-निर्मित पंचमुखी शिव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा एवं अति प्राचीन पंचमुखी शिवलिंग के पुनर्स्थापन को लेकर सोमवार को भव्य एवं विशाल कलश जल शोभा यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया।
शोभा यात्रा का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने स्थानीय पवित्र नदी से कलश में जल भरकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए यज्ञशाला प्रांगण तक यात्रा निकाली। इस दौरान भक्ति गीत, जयकारों और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो उठा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अर्जुन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 अप्रैल से अखंड कीर्तन का शुभारंभ किया गया है। इसके उपरांत 28 अप्रैल को विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान के साथ मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा एवं पंचमुखी शिवलिंग का पुनर्स्थापन किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि 28 अप्रैल की सुबह 10 बजे भगवान शिव का रुद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारा का आयोजन किया जाएगा, साथ ही साधु-संतों एवं आगत अतिथियों के सम्मान में विशेष समारोह भी आयोजित होगा।
अर्जुन शर्मा ने बताया कि ग्रण्डा गांव में सैकड़ों वर्षों पूर्व पंचमुखी शिवलिंग स्थापित था, जो समय के साथ मंदिर के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण बिखर गया था। अब उड़ीसा के प्रख्यात कलाकारों एवं कुशल कारीगरों द्वारा मंदिर का भव्य पुनर्निर्माण कराया गया है, जिससे यह स्थल पुनः श्रद्धा और आस्था का केंद्र बन गया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पंचमुखी शिवलिंग की स्थापना अपने आप में अत्यंत दुर्लभ है और संभवतः बिहार राज्य में इस प्रकार का यह पहला पंचमुखी शिव मंदिर है।
पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है, तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान के साक्षी बनने के लिए पहुंच रहे हैं।