ऑपरेशन दहन: महराजगंज पुलिस ने 96.301 किलो मादक पदार्थों का किया निस्तारण
महराजगंज, 27 अप्रैल 2026 : नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के चार थानों से संबंधित मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कुल 96.301 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 36 लाख 39 हजार 50 रुपये आंकी गई है, को नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई थाना सिन्दुरिया, ठूठीबारी, कोल्हुई और नौतनवा से जुड़े कुल 13 अभियोगों में जब्त चरस, गांजा और हेरोइन पर की गई। सभी मादक पदार्थों का निस्तारण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नौतनवा स्थित मैसर्स ए.वी. बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज में उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से किया गया।
पूरी प्रक्रिया क्षेत्राधिकारी फरेन्दा की उपस्थिति एवं गठित कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के माध्यम से महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।