घुघली में नशे में धुत रिक्शा चालक का उत्पात: दिव्यांग साथी को पीटा, पुलिस से भी भिड़ा, गिरफ्तार
घुघली/महराजगंज, 27 अप्रैल 2026 । घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी सिसवा चौराहे पर रविवार शाम एक नशे में धुत रिक्शा चालक ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने अपने ही दिव्यांग साथी रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस से भी वह उलझ गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल को शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि पकड़ी सिसवा निवासी राम उग्रह पुत्र पतिराज शराब के नशे में दिव्यांग रिक्शा चालक भकोल शर्मा (50 वर्ष) पुत्र जयराम शर्मा के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग कराने का प्रयास किया।
इस दौरान आरोपी राम उग्रह पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता करने लगा और हाथापाई पर उतारू हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने न्यूनतम बल प्रयोग करते हुए उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में धारा 170/126/135 BNSS के तहत कार्रवाई की है। वहीं पीड़ित भकोल शर्मा की तहरीर पर थाना घुघली में मुकदमा अपराध संख्या 83/2026 दर्ज कर धारा 115(2), 351(3), 352 और 324(2) BNS के तहत केस पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।