logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सिम्भावली में दबंगई का कहर विधवा महिला के बेटे की पिटाई, शिकायत पर पुलिस पर ही मारपीट और धमकी के आरोप

हापुड़ जनपद के सिम्भावली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विधवा और असहाय महिला ने गांव के दबंगों के साथ-साथ पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता भूरी पत्नी स्वर्गीय रियासु, निवासी ग्राम खागोई, ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। आरोप है कि 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे उनका बेटा सकमुदीन जब घर लौट रहा था, तभी गांव के ही कुछ लोगों रहीसु, रहीमु, करीमु और फईमु ने उसे रास्ते में रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने सकमुदीन के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता के अनुसार, घटना की सूचना उसी रात 112 नंबर पर दी गई और थाना सिम्भावली में तहरीर भी सौंपी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगले दिन रात करीब 10-11 बजे सिंभावली थाना से चौकी प्रभारी एक सिपाही के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी जबरन घर में घुसे, दरवाजे पर लात मारी और उनके नाबालिग बेटे मोनिस जिसकी उम्र करीब 14 वर्ष को थप्पड़ मारे। साथ ही पीड़िता से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए तहरीर वापस लेने का दबाव बनाया।
घटना के बाद से पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है। पीड़िता ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को खतरा बताते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

47
2450 views

Comment