गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करे सरकार,
झांसी। अखिल भारतीय गौ रक्षा महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कलीम भारतीय के निर्देशानुसार संगठन ने गौमाता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिलाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में महासंघ के जिला मीडिया प्रभारी आसिफ खान ने केंद्र व राज्य सरकार से गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने की पुरजोर मांग उठाई है।
जिला मीडिया प्रभारी आसिफ खान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कलीम भारतीय द्वारा दी गई सूचना और मार्गदर्शन के अनुसार, संगठन का लक्ष्य गौ-वंश के संरक्षण के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करना है। आसिफ खान ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, अटूट आस्था और सनातन परंपरा की पहचान हैं, जिन्हें सर्वोच्च सम्मान देना समय की मांग है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि गौ संरक्षण के लिए एक प्रभावी और पारदर्शी नीति बनाई जाए। इसमें मुख्य रूप से गौशालाओं के पंजीकरण को सरल बनाने, गौ-तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने और गौचर (चरागाह) भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने जैसे बिंदु शामिल होने चाहिए। आसिफ खान ने आगे कहा कि यदि गो-आधारित रोजगार और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाए, तो इससे न केवल गौ-वंश सुरक्षित होगा बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। संगठन ने शासन से अपील की है कि इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएं।