भीषण गर्मी और लू से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लेने सीएमएचओ ने किया सीएचसी फूप का औचक निरीक्षण
भीषण गर्मी और लू से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लेने सीएमएचओ ने किया सीएचसी फूप का औचक निरीक्षण
प्रदेश में बढ़ती भीषण गर्मी और लू (तापघात) के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड (सीएमएचओ) द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूप का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में लू से निपटने हेतु की गई तैयारियों और स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविकता को परखना था।
सफाई कर्मचारी को तत्काल हटाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के वार्डों में भारी गंदगी और अव्यवस्था पाए जाने पर सीएमएचओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। वार्डों में साफ-सफाई का स्तर अत्यंत निम्न होने के कारण, उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले संबंधित सफाई कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने के निर्देश दिए।
बीएमओ को 'कारण बताओ' नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अस्पताल के बेड पर चादरें उपलब्ध नहीं थीं और परिसर में चारों ओर गंदगी का आलम था। अस्पताल प्रबंधन की इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए सीएमएचओ ने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. तापस शर्मा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने बीएमओ को अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के लिए उत्तरदायी मानते हुए उन्हें तत्काल 'कारण बताओ' नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ जे.एस. यादव ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के स्वास्थ्य और सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देशित किया है कि लू और गर्मी से बचाव के लिए सभी पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind