शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
खिलाड़ियों का सम्मान, 75 विश्वविद्यालय खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
इंदौर। शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय, इंदौर में वार्षिक क्रीड़ा पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्षभर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया।
समारोह में विश्वविद्यालय स्तर पर चयनित 75 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता रही 12 महाविद्यालयीन टीमों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं अंतर कक्षा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 टीम कप्तानों को भी सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय एवं अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 4 खिलाड़ियों को विशेष रूप से नगद पुरस्कार एवं ब्लेज़र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. नागेश डगांवकर तथा क्रीड़ा अधिकारी एवं कार्यकारी क्रीड़ा मंडल के अध्यक्ष डॉ. अनुपम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. संजय व्यास सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।