logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जेट परीक्षा 2024 आज, तैयारियां पूरी, अनुमंडल में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्र



एसडीओ ने प्रखंडस्तरीय अधिकारियों, प्रधानाचार्यों व शिक्षकों संग की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

बरही : झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) 2024 को लेकर बरही अनुमंडल में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी जोहन टुडू ने प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, बरही अनुमंडल के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। इसमें बरही के 7, चौपारण के 4 तथा पद्मा और बरकट्ठा के 2-2 केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर करीब 8 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक संचालित की जाएगी।

अनुमंडल के चिन्हित परीक्षा केंद्र
-----------------------------------------
बरही में प्लस टू उच्च विद्यालय, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, आरएनवाईएम कॉलेज, बरही इंटर महाविद्यालय, बॉयज मध्य विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल तथा श्रीदास इंटरनेशनल स्कूल (देवचंदा मोड़) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं बरकट्ठा में परियोजना बालिका उच्च विद्यालय एवं प्लस टू उच्च विद्यालय, चौपारण में केबीएसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, मध्य विद्यालय सिंहपुर, अमोली अपूर्वा उच्च विद्यालय और सुंदरलाल जैन उच्च विद्यालय सिंघरावा तथा पद्मा में मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज करमाटांड़ एवं रामनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय को केंद्र निर्धारित किया गया है।
*कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए सख्त निर्देश*
एसडीओ ने सभी दंडाधिकारियों केंद्राधीक्षकों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा हर हाल में कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए। केंद्रों पर सघन जांच, प्रवेश के दौरान सख्ती, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 का पालन, भीड़ नियंत्रण और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर भी जोर दिया गया।सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।
बैठक में उपस्थित रहे
---------------------------
बैठक में विभिन्न जयपाल महतो बीडीओ बरही, चंद्रशेखर कुणाल सीओ बरही, संजय यादव बीडीओ चौपारण सहित अन्य प्रखंड के बीडीओ व सीओ सहित बरकट्ठा बीईईओ राकेश कुमार, डीएवी, प्लस टू उवि आदि विभिन्न विद्यालय के शिक्षक व दंडाधिकारी उपस्थित रहे।
एसडीओ ने परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

21
352 views

Comment