परलोक में भी मर्सिडीज की सवारी! पिता के साथ कब्र में दफना दी डेढ़ करोड़ की कार
यह घटना 9 अप्रैल की है, जब लियाओनिंग प्रांत के लियाओयांग गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। मृतक की कब्र में जो कार दफनाई गई, वह एक काले रंग की Mercedes-Benz S450L थी। इस लग्जरी कार की कीमत लगभग 11 लाख युआन (करीब डेढ़ करोड़ रुपये) थी।
कार पर '8888' नंबर की प्लेट लगी थी। चीन में 8 अंक को धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। स्थानीय स्तर पर चार समान अंकों वाली ऐसी नंबर प्लेट की कीमत ही 250,000 युआन (करीब 37,000 अमेरिकी डॉलर) तक हो सकती है।
कब्र में क्यों दफनाई गई असली कार?
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मरने वाले बुजुर्ग को लग्जरी कारों का बहुत शौक था। इसलिए उनके बच्चों ने फैसला किया कि उनके पिता की आत्मा की शांति और परलोक की यात्रा को सुखद बनाने के लिए उनके साथ एक असली कार दफनाई जाए।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक एक्सकेवेटर (क्रेन) की मदद से कार को नई खोदी गई कब्र में उतारा जा रहा है। कार को लाल कपड़े से ढका गया था और साइड मिरर पर लाल रिबन बंधे थे। गांव के दर्जनों लोगों ने फावड़े की मदद से कार के ऊपर मिट्टी डालने में परिवार की मदद की।