एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा में एम.ए पंजाबी की फेयरवेल सेरेमनी रंगारंग कार्यक्रम के साथ सम्पन्न
तलवाड़ा-होशियारपुर, 23 अप्रैल ( अर्श ) : महंत राम प्रकाश दास राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा में एम.ए पंजाबी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित फेयरवेल सेरेमनी रंगारंग कार्यक्रमों और भावनात्मक पलों के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। यह समारोह प्रिंसिपल डॉ. राजीव खोसला के कुशल मार्गदर्शन तथा पंजाबी विभाग की अध्यक्ष प्रो. रूपाली वर्मा की देखरेख में आयोजित किया गया।
एम.ए पंजाबी भाग पहला के विद्यार्थियों द्वारा एम.ए पंजाबी भाग द्वितीय के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में कॉलेज के आई-हॉल में उत्साह, उल्लास और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ढंग से की गई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रसिद्ध पंजाबी लोकगीत “डिग पेई नी गोरी शीश महल तो” ने समां बांध दिया और पूरा हॉल तालियों की गूंज से भर उठा। कार्यक्रम के दौरान मनोरंजक गतिविधियों और टाइटल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
टाइटल प्रतियोगिता में मिस अंजलि को उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर “मिस फेयरवेल” के खिताब से सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सीनियर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कॉलेज जीवन की यादों को ताजा किया तथा जूनियर्स को शुभकामनाएं दीं। वहीं जूनियर्स ने भी अपने सीनियर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह फेयरवेल समारोह भावुक क्षणों और मधुर स्मृतियों के साथ सम्पन्न हुआ, जो सभी के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।
इस अवसर पर पंजाबी विभाग के प्रो. अजय कुमार अर्श, प्रो. दलविंदर पाल सिंह, प्रो. सुषमा कुमारी, रिसोर्स पर्सन प्रो. अमरजीत कौर कालकट सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ और एम.ए पंजाबी के विद्यार्थी उपस्थित रहे ... अजय कुमार अर्श