logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पिंजौर में अवैध खनन पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: ज्वाइंट ऑपरेशन में 3 जेसीबी और 1 टिप्पर जब्त

पंचकूला/ 23 अप्रैल:-पंचकूला जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पिंजौर क्षेत्र में की गई।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार, आज सुबह ईआरवी 525 की टीम को पिंजौर क्षेत्र के गांव कीरतपुर के नजदीक नदी में अवैध खनन होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खनन की गतिविधियों की पुष्टि हुई। इसके तुरंत बाद पिंजौर थाना को सूचित किया गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बच्चू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम ने माइनिंग विभाग के कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया और संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया। इस ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान मौके से 3 जेसीबी मशीनें और एक टिप्पर बरामद किया गया, जिन्हें कब्जे में लेकर पिंजौर थाना में खड़ा किया गया। साथ ही, सभी वाहनों को मौके पर ही इंपाउंड कर लिया गया।

इस संबंध में पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने सख्त संदेश देते हुए कहा : पंचकूला की प्राकृतिक संपदा का दोहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी टीमें हाई-टेक कैमरों और निरंतर गश्त के जरिए जिले के हर संवेदनशील माइनिंग जोन पर पैनी नजर रख रही हैं। अवैध खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी एक बड़ा खतरा है। जो भी कानून की अवहेलना करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

0
88 views

Comment