“हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम पर पीएम श्री जीएसएसएस कुपवी में भव्य पृथ्वी दिवस कार्यशाला आयोजित
कुपवी स्कूल में पृथ्वी दिवस पर जागरूकता का संगम, प्रतियोगिताओं व गतिविधियों से गूंजा “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” संदेश
शिमला। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रयास सोसाइटी, सिरमौर द्वारा 22 अप्रैल को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुपवी (ब्लॉक कुपवी, जिला शिमला) में पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह: सामुदायिक आधारित जलवायु कार्रवाई और पर्यावरणीय सततता पहल” रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएमसी अध्यक्ष सुरेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राज सिंह रावत ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकगण, प्रयास सोसाइटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रजत शर्मा (प्रवक्ता, रसायन विज्ञान) ने गतिविधि आयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रकृति भ्रमण, पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता, रैली, मानव श्रृंखला, पौधारोपण अभियान तथा स्वच्छता अभियान प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और जलवायु परिवर्तन के प्रति अपनी समझ को प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में सृष्टि ठाकुर ने वाद-विवाद/भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अमन बिसांता ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं क्विज़ प्रतियोगिता में अंशिका, सोमकाशी, गोरेशांश, अदिति एवं सम्वी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया तथा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रयास सोसाइटी द्वारा हरियाणा के सिरसा निवासी पर्यावरण प्रेमी रणजीत सिंह को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया और उन्हें संस्था के होनहार स्वयंसेवकों में से एक बताया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई, जिससे उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो सके। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रयास सोसाइटी के समन्वयक नरेश कुमार ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य समुदाय आधारित जलवायु कार्रवाई को बढ़ावा देना और युवाओं को पर्यावरणीय सततता के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।