⚠️ #लक्ष्मीपुर बंधा बना #मौत का #जाल: #बाइक पलटी, 5 दिन #जिंदगी से लड़ने के बाद #अधेड़ की #दर्दनाक मौत!
मधुबन/दुबारी। थाना क्षेत्र के दुबारी ग्राम पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीपुर बंधा ढाले पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल अधेड़ की मंगलवार शाम गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
दुबारी ग्राम पंचायत के भगत का पुरा निवासी लल्लन मौर्य (46) पुत्र गुदरी मौर्य बीते 15 अप्रैल की देर शाम दुबारी बाजार से सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मीपुर बंधा ढाले के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में लल्लन मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे धर्मेंद्र मौर्य को मामूली चोटें आईं। घायल लल्लन को पहले मधुबन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए, जहां मंगलवार की देर शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
लल्लन मौर्य अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके तीन बेटे और तीन बेटियों में से दो बेटों और एक बेटी की शादी हो चुकी है। उनके निधन के बाद बूढ़े माता-पिता, एक पुत्र और दो अविवाहित बेटियों की जिम्मेदारी अधूरी रह गई है।
मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी चिंता देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।