logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कस्बा चौकी प्रभारी अनूप सिंह का तबादला—आदेश कुमार को सौंपी कमान सख्त कार्रवाई और शांतिपूर्ण माहौल के लिए याद किए जाएंगे अनुप सिंह,



फतेहगंज पश्चिमी (संवाददाता)।

जनपद की चर्चित और संवेदनशील फतेहगंज पश्चिमी पुलिस चौकी में एक बार फिर प्रशासनिक हलचल देखने को मिली है। चौकी प्रभारी अनुप सिंह का तबादला कर उन्हें बरेली शहर की महत्वपूर्ण कुतुबखाना चौकी (थाना कोतवाली) भेज दिया गया है। वहीं अब इस अहम चौकी की जिम्मेदारी एसआई आदेश कुमार को सौंपी गई है।

फतेहगंज पश्चिमी, जो लंबे समय से नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के कारण सुर्खियों में रहा है, वहां अनुप सिंह का कार्यकाल एक सख्त और प्रभावी पुलिसिंग के रूप में याद किया जा रहा है। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में न सिर्फ अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसा गया, बल्कि कस्बे में शांति और सौहार्द का माहौल भी बना रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अनुप सिंह के कार्यकाल में कस्बे में अभूतपूर्व शांति देखने को मिली। पशुपति पशु क्षेत्र से लेकर कस्बे के अन्य इलाकों तक अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रहा और आमजन ने खुद को सुरक्षित महसूस किया। त्योहारों के दौरान भी उनकी सूझबूझ और सख्ती के चलते कहीं कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया, जिससे लोग हर्षोल्लास के साथ पर्व मना सके।

कस्बावासियों की जुबां पर आज भी एक ही बात है—“ऐसा चौकी इंचार्ज दोबारा मिलना मुश्किल है।” अनुप सिंह की कार्यशैली ने उन्हें जनता के बीच एक सख्त लेकिन भरोसेमंद अधिकारी के रूप में स्थापित किया।

अब इस चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को संभालने के लिए एसआई आदेश कुमार को मैदान में उतारा गया है। प्रशासन को उनसे काफी उम्मीदें हैं। बताया जाता है कि आदेश कुमार को अपराध नियंत्रण और क्षेत्रीय हालात से निपटने का अच्छा अनुभव है। इससे पहले वह रामपुर जनपद के शाहाबाद क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनकी कार्यशैली की सराहना हुई थी।

फतेहगंज पश्चिमी जैसे संवेदनशील क्षेत्र में नई तैनाती को लेकर लोगों की निगाहें अब आदेश कुमार पर टिक गई हैं। आमजन को उम्मीद है कि वे अनुप सिंह की तरह ही सख्ती और सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।

अब देखना यह होगा कि नए चौकी प्रभारी इस चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी पर कितना खरे उतरते हैं और फतेहगंज पश्चिमी को शांति व सुरक्षा के नए आयाम तक पहुंचाने में कितनी सफलता हासिल करते हैं।

3
979 views

Comment