भूगोल विभाग में मनाया आज पृथ्वी दिवस
खानपुर कलां, 22 अप्रैल।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां के भूगोल विभाग में आज पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. कोकिला की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें विभाग की छात्राओं, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।कार्यक्रम की शुरुआत पृथ्वी एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए की गई। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा पोस्टर मेकिंग, भाषण, निबंध लेखन एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला गया। छात्राओं ने अपने विचारों के माध्यम से यह संदेश दिया कि पृथ्वी को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुदेश ने अपने संदेश में कहा कि पृथ्वी दिवस हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. कोकिला ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल छात्राओं में जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छात्राएं भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
फोटो कैप्शन :-03 & 04 पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए के बनाए गए पोस्टर दिखाती भूगोल विभाग की छात्राएं।