पहलगाम आतंकी हमले की बरसी से पहले जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट :-
आतंकी हमले की बरसी से पहले जम्मू-कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित करते हुए संवेदनशील और अधिक भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर प्रमुख स्थानों पर गश्त बढ़ा दी है। खासतौर पर श्रीनगर के डल झील क्षेत्र सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। जगह-जगह चेकिंग, वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार खुफिया सूचनाओं के आधार पर निगरानी कर रही हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की सलाह दी गई है। सरकार के इस कदम को आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।