logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रायबरेली जनपद के थाना सरेनी क्षेत्र में भीषण आग पर काबू, एसडीओ यशवीर की तत्परता से टला बड़ा नुकसान; किसानों ने जताया आभार


रायबरेली (सरेनी):
थाना क्षेत्र सरेनी के पूरे पंची-लोहरामऊ गांव के मध्य स्थित जंगल में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों ने आसपास के खेतों में खड़ी पराली को अपनी चपेट में ले लिया और उसे जलाकर राख कर दिया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और किसानों की खड़ी फसल पर बड़ा खतरा मंडराने लगा।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ग्रामीण तत्काल अपने-अपने खेतों की ओर दौड़ पड़े और कड़ी मशक्कत करते हुए फसलों को बचाने में जुट गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग की विकरालता के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी का पानी तेजी से खत्म होने लगा। वहीं क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई।
ग्रामीणों द्वारा कई बार जेई मलके गांव को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव करना मुनासिब नहीं समझा , जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका बढ़ गई। इसी बीच सरेनी के एसडीओ यसवीर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए कॉल रिसीव किया और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बहाल कराई।
बिजली बहाल होते ही ग्रामीणों ने ट्यूबवेल चालू कर फायर ब्रिगेड की टंकी में पानी भरवाया, जिससे आग पर काबू पाने में सफलता मिली। समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया और किसानों की खड़ी फसल सुरक्षित बच गई।
किसानों ने कहा कि यदि एसडीओ यसवीर सिंह ने समय पर तत्परता नहीं दिखाई होती और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं कराई होती, तो उनकी फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो सकती थी। उन्होंने पावर हाउस सरेनी के एसडीओ यसवीर सिंह की सक्रियता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
भीषण आग से घिरी थी किसानों की फसल
आग की घटना ने आसपास के खेतों और जंगल क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया था। आग तेजी से फैल रही थी और किसानों की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडरा रहा था। ऐसे में एसडीओ सरेनी की त्वरित कार्रवाई और समय पर हस्तक्षेप से हालात नियंत्रित हुए और किसानों को बड़ी राहत मिली।

6
133 views

Comment