काम की तलाश में घर छोड़कर दिल्ली जा रहे 2 किशोरों को पुलिस ने सकुशल बरामद किया, ट्यूशन का नाम लेकर निकले थे घर से
अन्य मामलें में स्कूल के बहानें घर से लापता हुए तीसरे किशोर को पुलिस ने सुरक्षित परिजनों से मिलवाया, डीसीपी ने की अभिभावकों से विशेष अपील
पंचकूला/ 21 अप्रैल:- पंचकूला पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए लापता हुए बच्चों को उनके परिवारों से मिलवाने में सफलता हासिल की है। सेक्टर-14 थाना की टीम ने ईआरवी की सहायता से अलग-अलग दो मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किशोरों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस की इस मुस्तैदी ने न केवल तीन मासूमों को किसी अनहोनी का शिकार होने से बचाया, बल्कि उनके परिजनों के चेहरों पर भी मुस्कान वापस लौटाई।
पहला मामला: दिल्ली जाने की फिराक में थे दो दोस्त
पहले मामले में, सेक्टर-14 थाना क्षेत्र के रहने वाले 15 वर्षीय दो किशोर, जो एक ही स्कूल में पढ़ते थे, 20 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे ट्यूशन जाने का बहाना बनाकर घर से निकल गए। परिजनों को बिना बताए ये दोनों किशोर कामकाज की तलाश में दिल्ली जाने की योजना बना रहे थे। जब बच्चे काफी देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चे अंबाला रेलवे स्टेशन तक पहुँच गए थे, लेकिन वहाँ टीटी द्वारा पूछताछ किए जाने पर वे घबराकर वापस पंचकूला लौट आए। आज सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने दोनों को मनसा देवी मंदिर परिसर के पास से सकुशल बरामद कर लिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उनके माता-पिता को सौंप दिया।
दूसरा मामला: स्कूल के नाम पर घर से निकला आठवीं का छात्र
इसी क्षेत्र से जुड़ी दूसरी घटना में, कक्षा 8 का एक छात्र स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुँचा। जब छात्र की माँ उसे लेने स्कूल पहुँची, तो उसके वहाँ न होने की बात सुनकर परिवार की चिंता बढ़ गई जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद सेक्टर-14 थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बच्चे के मित्रों व रिश्तेदारों से संपर्क साधा। पुलिस की सघन खोजबीन के परिणामस्वरूप बच्चे को सुरक्षित ढूंढ लिया गया और उसे परिजनों के हवाले किया गया।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता का संदेश: बच्चों के साथ बढ़ाएं संवाद
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चों और माता-पिता के बीच संवाद की कमी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। डीसीपी ने जोर देकर कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ एक मित्रवत और बेहतर संवाद स्थापित करना चाहिए, ताकि बच्चे अपनी मन की बात या किसी भी तरह का दबाव खुलकर साझा कर सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि माता-पिता बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य और भावनाओं को समझें, ताकि बच्चे भविष्य में घर छोड़ने जैसा कोई आत्मघाती या गलत कदम न उठाएं।