जबलपुर , मोहित संघी
जबलपुर में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल का प्रदर्शन, Lenskart की HR नीति पर उठाए सवाल
जबलपुर में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से लेंसकार्ट कंपनी की HR नीति के विरोध में विभिन्न शोरूमों के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा तिलक और कलावा पहनने पर रोक लगाने जैसी नीतियां अपनाई जा रही हैं, जिसे उन्होंने धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध बताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता मदन महल, रसेल चौक, सदर और विजय नगर स्थित शोरूमों पर पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारियों को प्रतीकात्मक रूप से तिलक और कलावा बांधकर विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शनकारियों का यह भी दावा है कि एक कर्मचारी को कथित रूप से तिलक-कलावा नीति का विरोध करने पर नौकरी से निकाल दिया गया, जिसे उन्होंने अनुचित और भेदभावपूर्ण कार्रवाई बताया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि इस प्रकार की नीतियों में संशोधन नहीं किया गया, तो वे आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे और प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेंगे। वहीं, इस पूरे मामले पर कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, ताकि तथ्यों की स्पष्टता सामने आ सके।