नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम: सांसद रेखा शर्मा
पंचकूला, 20 अप्रैल।
पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि यह अधिनियम देश की माताओं, बहनों और बेटियों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के अधिकारों को दया नहीं बल्कि न्याय का विषय माना है। यह विधेयक महिलाओं की निर्णय-निर्माण प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मजबूत आधार तैयार करता है।
सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि वर्षों तक महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला, लेकिन वर्तमान सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाते हुए इस अधिनियम को पारित कर देश की आधी आबादी को उनका अधिकार देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और समान भागीदारी का राष्ट्रीय संकल्प बताया।
उन्होंने आगे कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण परिसीमन प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है, जैसा कि गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है। इसके बावजूद विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाना महिलाओं के अधिकारों को टालने का प्रयास है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में स्पष्ट किया था कि महिलाओं को उनका अधिकार दिया जा रहा है, कोई उपहार नहीं। उन्होंने सभी दलों से इस विधेयक का समर्थन करने का आग्रह भी किया था, लेकिन विपक्ष ने इस अवसर को गंवा दिया।
रेखा शर्मा ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, सुरक्षा, खेल, उद्यमिता और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। ऐसे में उन्हें निर्णय लेने वाली संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना लोकतंत्र की आवश्यकता है।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, श्रीमती रंजीता मेहता, श्रीमती परमजीत कौर और श्रीमती अनुराधा पुरी विशेष रूप से मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में इस अधिनियम का समर्थन करते हुए इसे महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचे और अधिक से अधिक महिलाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित हों।
#नारीशक्ति_वंदन_अधिनियम #RekhaSharma #NarendraModi #AmitShah #महिला_सशक्तिकरण #राजनीति #Panchkula #samacharsansarnews24