खोटगाँव–कुल्हाड़गाँव में सैकड़ों एकड़ जमीन का फर्जी पट्टा घोटाला, वास्तविक प्रभावितों को मिले मुआवजा -आम आदमी पार्टी जिला नारायणपुर ( बस्तर )
नारायणपुर, 20 अप्रैल 2026। आम आदमी पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राजस्व के जमीन घोटाले का मामला सामने लाया है नाग ने बताया कि नारायणपुर जिले के खोटगाँव एवं कुल्हाड़गाँव क्षेत्र में राजस्व विभाग द्वारा शहर के बड़े धन्नासेठो को गलत तरीके से सैकड़ों एकड़ जमीन का पट्टा बाँटकर नया “भ्रष्टाचार का कीर्तिमान” रचा गया है। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय ग्रामीणों को आज तक यह तक पता नहीं कि उनकी जमीन का पट्टा कब और कैसे बना दिया गया।
सड़क किनारे की बेशकीमती जमीनों और जंगल की भूमि पर इस तरह से पट्टा बनना गंभीर सवाल खड़े करता है। यह सीधे-सीधे आदिवासी और स्थानीय ग्रामीणों के अधिकारों पर डाका है।
आम आदमी पार्टी के बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने आरोप लगाते हुए कहा कि
“राजस्व विभाग की मिलीभगत से यह पूरा खेल खेला गया है। जिन जमीनों पर पीढ़ियों से ग्रामीणों का हक है, उन्हें कागजों में शहर के बड़े धन्ना सेठ लोगों के नाम कर दिया गया। यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
इसके साथ ही एक और बड़ा खुलासा सामने आया है कि जिन गरीब ग्रामीणों के घर और खेत रेलवे लाइन में समाहित होने जा रहे हैं, उन्हें मुआवजा देने के बजाय सीताबाई नामक महिला को “रेल लाइन प्रभावित किसान” बताकर लाभ देने की तैयारी की जा रही है। यह जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
आप की मुख्य मांगें:
सभी संदिग्ध पट्टों की उच्चस्तरीय जाँच हो।
फर्जी तरीके से बनाए गए पट्टे तत्काल निरस्त किए जाएँ।
दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्यावाही हो।
वास्तविक प्रभावित ग्रामीणों को उनका हक और मुआवजा मिले।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्यावाही नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने की घोषणा:
आम आदमी पार्टी कलेक्टर महोदया को ज्ञापन सौंपकर इन सभी पट्टों को निरस्त करने की मांग करेगी।