भारतीय किसान संघ के संघर्ष की बड़ी जीत: कोटा के किसानों को मिलेगा 107 करोड़ रुपए का फसल बीमा क्लेम
इटावा, 20 अप्रैल।
भारतीय किसान संघ के सतत प्रयासों और किसानों के अडिग संघर्ष के परिणामस्वरूप कोटा जिले के अन्नदाताओं के लिए हर्ष की खबर आई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले के किसानों के लिए 107 करोड़ रुपये की बीमा राशि स्वीकृत की गई है। इस बड़ी सफलता पर भारतीय किसान संघ जिला कोटा ने खुशी जाहिर करते हुए इसे किसानों के धैर्य और संगठन की शक्ति की जीत बताया है। इस उपलब्धि के लिए भारतीय किसान संघ ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री लोकसभा अध्यक्ष, प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और ऊर्जा मंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया है।
भारतीय किसान संघ के प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने बताया कि किसानों की समस्याओं और बीमा क्लेम की लंबित मांग को लेकर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले दिनों स्पीकर बिरला और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मिला था। मुलाकात के दौरान ही सकारात्मक चर्चा के बाद क्लेम पास होने के संकेत मिल गए थे। कृषि मंत्री ने उस समय किसानों को पूरी दृढ़ता के साथ आश्वस्त किया था कि "बीमा कंपनी के मुंह में हाथ डालकर किसानों की हक की राशि दिलाई जाएगी।" मंत्री के इस कड़े रुख और प्रभावी पैरवी के कारण ही आज यह करोड़ों की राशि किसानों के खातों में पहुँचने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कोटा जिले के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी बीमा राशि एक साथ स्वीकृत की गई है। हालांकि, संगठन का मानना है कि किसानों के नुकसान की तुलना में यह राशि पूर्णतः पर्याप्त नहीं है, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में यह एक "आशा की किरण" बनकर उभरी है।
जिलाध्यक्ष जगदीश कलमंडा, मंत्री रूपनारायण यादव और संभाग अध्यक्ष गिरीराज चौधरी, संभाग युवा प्रमुख जितेन्द्र कुमार नागर ने संयुक्त रूप से कहा कि इस राशि से उन किसानों को बड़ा संबल मिलेगा जो प्राकृतिक आपदा और फसल खराबे के कारण आर्थिक तंगी का सामना कर रहे थे। उन्होंने इस प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिला सह प्रचार प्रमुख उमाशंकर नागर, खातोली तहसील अध्यक्ष किशन गोपाल नागर, पीपल्दा अध्यक्ष हुकम चन्द मीणा, युवा किसान नेता धनराज पारेता, मंत्री अशोक जांगिड़, रवीन्द्र नाथ योगी, चेतन शर्मा खातोली, गिरजा शंकर गुप्ता ने इस जीत को किसानों के पसीने और संघर्ष का प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ पिछले लंबे समय से बीमा क्लेम की विसंगतियों को दूर करने और किसानों को उनका उचित हक दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलनरत था। आज इस संघर्ष की विजय हुई है। जिससे क्षेत्र के हजारों किसान लाभान्वित होंगे। संगठन ने संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी किसानों के हितों की रक्षा के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे और शेष रही मांगों के लिए अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।