रायबरेली मे कलम शक्ति ट्रस्ट की पहली बैठक संपन्न, पत्रकार हितों की रक्षा का संकल्प
निडर और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने पर जोर, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की घोषणा
अरविन्द भारती संवाददाता
लालगंज (रायबरेली):- कस्बे के श्री लगन उत्सव लॉन में कलम शक्ति ट्रस्ट की प्रथम बैठक भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट के संस्थापक/अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, सचिव जितेंद्र सविता एवं कोषाध्यक्ष यशपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों पत्रकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथियों—किसान नेता रमेश बहादुर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर शरण सिंह, कवि वाईपी सिंह तथा उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष राहुल भदौरिया—का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। दूर-दराज से आए पत्रकारों को भी पेन-डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक में पत्रकार हितों की रक्षा, ट्रस्ट के उद्देश्यों के विस्तार और कोर कमेटी के गठन पर चर्चा हुई। वरिष्ठ पत्रकार शेर बहादुर सिंह, रमेश बहादुर सिंह एवं चंद्रशेखर शरण सिंह को ट्रस्ट का संरक्षक नियुक्त किया गया।
कोर कमेटी में विकास त्रिपाठी (उपाध्यक्ष), मोहम्मद परवेज (महासचिव), आदर्श द्विवेदी (संगठन प्रभारी), वीरेंद्र जायसवाल (संगठन महामंत्री), अंकुर श्रीवास्तव (संगठन मंत्री), आदित्य वर्मा (मीडिया प्रभारी) व गब्बर सिंह (उप मीडिया प्रभारी) को जिम्मेदारी सौंपी गई।
अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने कहा कि ट्रस्ट पत्रकारों के हक, सम्मान और सुरक्षा के लिए सदैव कार्य करेगा। वहीं संरक्षक रमेश बहादुर सिंह ने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। चंद्रशेखर शरण सिंह ने निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता पर जोर देते हुए प्रशिक्षण व संवाद कार्यक्रम चलाने की बात कही।
अंत में उपस्थित पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकार हितों की रक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। यह बैठक संगठनात्मक मजबूती और पत्रकार एकता का महत्वपूर्ण संदेश देने वाली रही।