ऑपरेशन सेफ्टी: बिना हेलमेट चालकों पर पंचकूला पुलिस का शिकंजा, 110 दिन में 5809 चालान
पंचकूला, 20 अप्रैल। सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पंचकूला पुलिस ने “ऑपरेशन सेफ्टी” के तहत बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 19 अप्रैल तक कुल 5809 दुपहिया चालकों के चालान काटे गए हैं, जो बिना हेलमेट सड़क पर निकल रहे थे। यह कार्रवाई केवल नाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए भी की जा रही है। शहर के प्रमुख चौकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और ट्रैफिक टीमों की निगरानी से नियम उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना “सीधा मौत को बुलावा” है। उन्होंने खासकर युवाओं से अपील की कि वे स्टाइल या जल्दबाजी के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में सिर की चोट जानलेवा साबित होती है, इसलिए चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।
#PanchkulaPolice #TrafficRules #HelmetSafety #RoadSafety #ChallanAction #samacharsansarnews24