एम.एम.एन.एस. इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कोर्ट नोटिस के खिलाफ कलेक्टर को पांच गांवों के ग्रामीणों का आपत्ति पत्र
ओडिशा राज्य के मलकानगिरि जिले के चित्रकोंडा ज़ोन-2 अंतर्गत पाबलिपुड़ा, बंगुरु कॉलोनी, लंबासिंह, अंजरगुड़ा और बंगुरुपाड़ा गांव के प्रभावित ग्रामीणों ने एम.एम.एन.एस. इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जारी कोर्ट नोटिस संख्या 449/2026 के विरोध में मलकानगिरि कलेक्टर को आपत्ति पत्र सौंपते हुए मुआवजा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले एस.आर. कंपनी द्वारा दिया गया मुआवजा संतोषजनक नहीं था। उनका आरोप है कि कंपनी ने 2.5 मीटर जमीन लेने की बात कही थी, लेकिन अब 20 मीटर तक जमीन चिन्हित कर काम करना चाहती है, जिससे अधिक भूमि प्रभावित होगी और ग्रामीण उचित मुआवजे से वंचित हो सकते हैं।
आपत्ति पत्र में मांग की गई है कि एम.एम.एन.एस. इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कार्य जारी रहने तक हर महीने मुआवजा दिया जाए या फिर स्थायी रूप से एकमुश्त उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों के शिक्षित युवक-युवतियों को कंपनी में रोजगार देने तथा प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विकास करने की भी मांग की गई है।
यह आपत्ति पत्र दंबुरु सिसा, लकिनाथ पांगी, घेनु मुदुली, भक्तराम सिसा, हरी गोलारी तथा अन्य ग्रामीणों की ओर से सौंपा गया। ग्रामीणों ने सरकार की मध्यस्थता में ग्रामसभा के माध्यम से चर्चा कर समस्या के समाधान के लिए मलकानगिरि कलेक्टर के हस्तक्षेप की मांग की है।