मोरनी खंड के टिक्कर ताल में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट: अमन धारवाला टीम बनी विजेता, पंचकूला दूसरे स्थान पर
पंचकूला, 19 अप्रैल। मोरनी खंड के गांव टिक्कर ताल में परशुराम जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय स्टाइल ऑल ओपन कबड्डी टूर्नामेंट का सफल समापन हुआ। रोमांचक मुकाबलों के बीच अमन धारवाला (टिक्कर ताल) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
विजेता टीम में अमन धारवाला, जग्गी बामन, गौरव शर्मा और राहुल शर्मा ने बेहतरीन खेल दिखाया और दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
टूर्नामेंट में पंचकूला की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि चंडीगढ़ की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को क्रमशः ₹11,000, ₹6,100 और ₹3,100 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बेस्ट रेडर और बेस्ट कैचर को भी ट्रॉफी प्रदान की गई।
परशुराम यूथ क्लब द्वारा आयोजित इस खेल मेले में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और दर्शकों की उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान अनुशासन और खेल भावना का विशेष ध्यान रखा गया तथा खिलाड़ियों के लिए खाने का भी विशेष प्रबंध किया गया।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
#samacharsansarnews24