मुखिया रेखा देवी के निधन से शोकसागर में डूबा रहीमपुर,समाज को अपूरणीय क्षति : आचार्य राकेश पासवान शास्त्री
AIMA मीडिया न्यूज
खगड़िया, 18 अप्रैल ।
सदर प्रखंड के रहीमपुर उत्तरी पंचायत की पूर्व मुखिया रेखा देवी के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। रेखा देवी वर्तमान मुखिया निरंजन चौधरी की धर्मपत्नी थीं।
अपने कार्यकाल में वे जनसेवा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता के लिए विशेष रूप से जानी जाती थीं। जदयू जिला प्रवक्ता एवं समाजसेवी आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में शास्त्री ने कहा कि रेखा देवी ने पंचायत के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा, स्वच्छता अभियान, आपदा पीड़ितों की सेवा और गरीब कल्याण योजनाओं को धरातल पर उतारने में उनका सक्रिय योगदान रहा। उनके सरल स्वभाव और जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें हर वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया था।
उनके निधन की खबर से पंचायतवासियों को गहरा आघात लगा है। लोगों को अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि एक सक्रिय और कर्मठ जनप्रतिनिधि अब उनके बीच नहीं रहीं। गांव में शोक का माहौल है।
आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस दुखद घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करने की कामना की है।