सिसनई में जनचौपाल: प्रमुख सचिव ने सुनीं समस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
शाहजहांपुर, 17 अप्रैल। विकासखंड ददरौल की ग्राम पंचायत सिसनई में शुक्रवार को आयोजित जनचौपाल में उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी मनीष चौहान ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह भी मौजूद रहीं।
जनचौपाल में प्रमुख सचिव ने गांव में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, स्वयं सहायता समूह ऋण और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। लाभार्थियों द्वारा योजनाओं से संतोष जताने पर उन्होंने खुशी व्यक्त की।
उन्होंने पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, लेखपाल और सफाईकर्मी की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सामुदायिक शौचालयों को हर समय खुला रखने और साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर भी प्रमुख सचिव ने सख्ती दिखाई। गांव में सफाई के लिए रोस्टर बनाने और संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से संवाद कर उन्हें जनजागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
जनचौपाल के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।