logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

किसानों की परेशानी पर विधायक सख्त, बेरमा खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण*


AIMA MEDIA NEWS
रिपोर्टर - इंजी. खेमचन्द कुशवाहा
मैहर। मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी आज अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्राम भरौली पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। कार्यक्रम के पश्चात लौटते समय उन्होंने अचानक ग्राम बेरमा स्थित गेहूं खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद खरीदी प्रभारी व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मैहर क्षेत्र के किसी भी किसान को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने तौलाई कार्य समय पर और पारदर्शिता के साथ करने पर विशेष जोर दिया, ताकि किसानों को लंबी प्रतीक्षा का सामना न करना पड़े।
विधायक श्री चतुर्वेदी ने वहां उपस्थित किसानों से सीधे संवाद भी किया और उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने अपनी दिक्कतों को साझा किया, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे शासन की समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत गेहूं विक्रय कर सरकार का सहयोग करें।
इसके साथ ही विधायक ने खरीदी केंद्र पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं जैसे बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, छाया, शौचालय और वाहन पार्किंग की स्थिति को सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस औचक निरीक्षण से किसानों में संतोष देखने को मिला और उन्होंने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे व्यवस्थाओं में और सुधार होगा।

1
99 views

Comment