आयोजनों के लिए समय से करें आवेदन, घर तक पहुंचेगा कमर्शियल सिलेंडर
संतकबीरनगर
शादी-विवाह, भंडारा, कर्मकांड व अन्य सामाजिक आयोजनों में गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब ऐसे आयोजनों के लिए समय से आवेदन करने पर कमर्शियल गैस सिलेंडर सीधे घर तक उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा।
जानकारी के अनुसार, आयोजनों के दौरान अचानक बढ़ी मांग के चलते कई बार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता, जिससे कार्यक्रम प्रभावित होते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत आयोजन करने वाले व्यक्ति को अपने कार्यक्रम की तिथि से पहले ही आवेदन करना अनिवार्य होगा।आवेदन के साथ आयोजन का कार्ड (शादी कार्ड आदि) एवं आधार कार्ड की प्रति संलग्न करनी होगी। सत्यापन के बाद संबंधित गैस एजेंसी को निर्देशित किया जाएगा, जिससे तय तिथि से पहले ही उपभोक्ता के घर तक कमर्शियल सिलेंडर पहुंचाया जा सके।जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि यह व्यवस्था पारदर्शिता बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू की गई है। उन्होंने अपील की है कि सभी नागरिक अपने आयोजनों के लिए समय से आवेदन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना आवेदन के अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। नियमों का पालन न करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।