*6 मई को सजेगा हिमाचली धाम, ट्राईसिटी में दिखेगी पारंपरिक संस्कृति की झलक*
मनोज शर्मा, पंचकूला। हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिद्ध जोगी सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.), ट्राईसिटी द्वारा 6 मई को भव्य हिमाचली धाम का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी ट्राईसिटी के हिमाचली समुदाय में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह और इंतजार देखा जा रहा है।
ट्रस्ट के प्रमुख चेयरमैन विक्रांत बाबा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस धाम में पारंपरिक हिमाचली व्यंजन पीतल के बर्तनों में परोसे जाएंगे, जिन्हें हिमाचल से आई विशेष लकड़ी पर तैयार किया जाएगा। इसके लिए कुक टीम भी विशेष रूप से हिमाचल से ही आमंत्रित की गई है, जिससे असली हिमाचली स्वाद का अनुभव मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सर्वसांझा भजन उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कांगड़ा से प्रसिद्ध गायक अमित मित्तू बाबा जी अपनी मधुर वाणी से भक्तों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
कार्यक्रम कमेटी के अध्यक्ष निर्मल लुवाणा ने बताया कि आयोजन की शुरुआत 3 मई को नौ नाथ झंडा शोभायात्रा से होगी। यह शोभायात्रा गांव रैला, सेक्टर-12 से प्रारंभ होकर सेक्टर-11 तक निकाली जाएगी, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
बैठक में ऊमेश शर्मा, गुरमीत सिंह, रविंद्र नकई, अश्वनी बरवाला, हरीश शर्मा, रमेश रैला, संदीप सिंह, आर.के. शर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।