logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला की टीम ने 607 ग्राम अफीम सहित युवक को किया गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क तक पहुंची पुलिस

पंचकूला/17 अप्रैल: पंचकूला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने इंचार्ज इंस्पेक्टर निर्मल कुमार के नेतृत्व में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 607 ग्राम अफीम सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही थाना रायपुर रानी क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला की टीम एएसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में गश्त व अपराध जांच के दौरान गांव टोका क्षेत्र में मौजूद थी, तभी गुप्त सूचना के आधार पर यह जानकारी मिली कि आरोपी अरुण कुमार उर्फ अनिल (निवासी कुराली, जिला अंबाला) अपनी काले रंग की वैन्यू गाड़ी में अफीम लेकर रायपुर रानी क्षेत्र में सप्लाई देने आने वाला है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत टांगरी पुल, क्रैशर जोन के पास नाकाबंदी की। कुछ ही समय बाद बताए गए विवरण के अनुसार गाड़ी को रोककर चालक को काबू किया गया, जिसने अपना नाम अरुण कुमार उर्फ अनिल बताया।

मौके पर पहुंचे NDPS नोडल अधिकारी श्री सचिन सहरावत (ETO) की निगरानी में तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक पारदर्शी पॉलिथीन में रखा काले रंग का पदार्थ बरामद हुआ, जिसे जांच में अफीम पाया गया।

बरामद नशीले पदार्थ का वजन 607 ग्राम पाया गया। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, ₹5000 नकद और वैन्यू कार भी बरामद की गई। सभी बरामदगी को नियमानुसार सील कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर रानी में NDPS एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अफीम की सप्लाई विभिन्न क्षेत्रों में करता था और इसका मुख्य सप्लायर उत्तरप्रदेश निवासी है। पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

फिलहाल आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड लिया गया है, ताकि उससे गहन पूछताछ कर पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा:
“पंचकूला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी से सप्लाई चेन के महत्वपूर्ण लिंक तक पहुंच मिली है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।”

पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के प्रयासों को और मजबूत किया जा सके।

4
291 views

Comment