logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सुमेरपुर के संजय नगर में नकली घी बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 8 घंटे चली संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में माल जब्त सियाणा की आवाज़ सियाणा पाली

सुमेरपुर के संजय नगर में नकली घी बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 8 घंटे चली संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में माल जब्त

सियाणा की आवाज़
सियाणा पाली, 16 अप्रैल 2026। पाली जिले के सुमेरपुर कस्बे के संजय नगर क्षेत्र में नकली घी बनाने और नामी कंपनियों के नाम से बाजार में बेचने वाले गिरोह का खाद्य सुरक्षा विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। देर रात शुरू हुई यह कार्रवाई करीब 8 घंटे तक चली, जिसमें भारी मात्रा में नकली घी, पैकिंग सामग्री और मशीनरी जब्त की गई।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि संजय नगर स्थित एक गोदाम में पाम ऑयल व अन्य हानिकारक रसायनों से नकली घी तैयार किया जा रहा है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान गोदाम से 15 किलोग्राम क्षमता के करीब 150 टीन नकली घी बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में रखवाया गया। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के नाम से पैक लगभग 260 किलोग्राम घी भी मौके से जब्त किया गया।
टीम को मौके से सरस, अमूल, नोवा, कृष्णा, बनास सहित कई नामी कंपनियों के पैकिंग मैटेरियल भी बड़ी मात्रा में मिले। साथ ही सरस ब्रांड की पैकिंग मशीन भी जब्त की गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि पाम ऑयल में अन्य हानिकारक रसायन मिलाकर नकली घी तैयार कर उसे ब्रांडेड कंपनियों के नाम से पैक किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत टीम ने घी के 6 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूछताछ में रूपसिंह जाखोड़ा का नाम सामने आया है। साथ ही मौके पर नकली घी की पैकिंग करते हुए पर्वतसिंह, खुशाल सुथार सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
इधर, सरस विभाग की ओर से ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर डुप्लीकेट पैकिंग करने के मामले में सुमेरपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने आमजन से अपील की है कि बिना बिल के घी या खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें तथा मिलावट की जानकारी तुरंत विभाग को दें।

4
612 views

Comment