logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

केतार में अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई: उपायुक्त ने तीन कर्मियों को किया निलंबित,वही शहीद नीलाम्बर पीताम्बर उत्तरी कोयल परियोजना के अवशेष कार्यों की

गढ़वा। 16 अप्रैल को प्रशासनिक अनुशासन एवं सरकारी सेवा मर्यादा के उल्लंघन के एक गंभीर मामले में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव द्वारा कड़ी कार्रवाई करते हुए केतार प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के तीन कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है एवं उनसे कारण पृच्छा की गई है।बीते दिनों 09 अप्रैल को प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, केतार में कार्यरत राजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक, नीरज कुमार सिंह, जनसेवक एवं जितेन्द्र उरांव, अनुसेवक द्वारा कार्यालय अवधि के दौरान शराब का सेवन कर कार्यालय आए ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। इस संबंध में श्री रवि कुमार गुप्ता के द्वारा लिखित तौर पर शिकायत की गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच कराई गई, जिसमें मेडिकल जांच सहित अन्य साक्ष्यों से आरोपों की पुष्टि हुई।यह कृत्य बिहार/झारखंड सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम 4 (i) से (iv) का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया। फलस्वरूप, झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के तहत उक्त कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनसे व्यक्तिगत तौर पर हाजिर होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निदेश दिया गया है।निलंबन अवधि के दौरान राजेश कुमार का मुख्यालय अंचल कार्यालय भंडरिया तथा जितेन्द्र उरांव का मुख्यालय प्रखंड कार्यालय बड़गड़ निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें नियमानुसार अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। नियमानुसार उपस्थिति के आधार पर इन्हें झारखंड सरकारी सेवक नियमावली, 2016 के प्रावधानों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।उपायुक्त श्री यादव ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यों में अनुशासनहीनता, कर्तव्य में लापरवाही एवं आमजन के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
**************************************
शहीद नीलाम्बर पीताम्बर उत्तरी कोयल परियोजना (मण्डल डैम) के अवशेष कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन
मंडल डैम से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास आदि संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश
सभी आवश्यक निर्माण कार्यों को मूर्त रूप देने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को उपायुक्त ने किया निदेशित

गढ़वा। उपायुक्त गढ़वा दिनेश यादव ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में शहीद नीलाम्बर पीताम्बर उत्तरी कोयल परियोजना (मण्डल डैम) के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु समीक्षा बैठक का आयोजन किया, जिसमें उक्त परियोजना से संबंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थें। गत बैठक में दिए निर्देशों के अनुपालन संबंधी प्रतिवेदन से अवगत होकर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। साथ ही बैठक के दौरान उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कंसलटेंसी एजेंसी मैनटेक द्वारा समर्पित प्रतिवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। परियोजना अंतर्गत आ रही समस्याओं और सुझावों को सुना। उपायुक्त ने पुनर्स्थापित होने वाले परिवारों के साथ-साथ पहले से निवास कर रहे ग्रामीणों के लिए भी सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, शमशान, मंदिर, तालाब, खेल के मैदान सहित अन्य सभी मूलभूत एवं विकासपरक योजनाओं को सुनिश्चित करते हुए समग्र विकास करने हेतु निर्देशित किया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी को भी विस्थापन के कारण कठिनाई न हो और सभी को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराया जाए। पुनर्वास स्थल पर समुचित आधारभूत संरचना विकसित करने की दिशा में तेज़ी से कार्य करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया। उक्त कार्यों में तेजी लाने हेतु उपायुक्त ने सभी बुनियादी निर्माण कार्य के लिए तैयार किये गये रूप रेखा को भौतिक तौर पर मूर्त रूप देने का निदेश दिया। इसके लिए आगामी बैठक तक सभी निर्माण किये जाने वाले संरचनाओं का डीपीआर तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।उक्त समीक्षात्मक बैठक में उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमण्डल पदाधिकारी, रंका रूद्र प्रताप, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, आरआईओ, आरसीडी, भवन प्रमंडल, विद्युत विभाग, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी रंका एवं रमकंडा समेत अन्य संबंधित उपस्थित थें।

0
0 views

Comment