दो दिन में हल नहीं हुआ तो करेंगे विरोध:- मनप्रीत सिंह (बन्नी)
पटिआला अप्रैल16:- डेराबस्सी के वार्ड नंबर 19 में नाले की सफाई के लिए की गई तोड़फोड़ अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि नगर कौंसिल डेराबस्सी की ओर से करीब 10 दिन पहले नाले को साफ करने के उद्देश्य से तोड़ा गया था, लेकिन इसके बाद से काम अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजतन नाले का गंदा पानी अब दुकानों और मंदिर में घुस रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि गंदगी और बदबू के कारण इलाके में रहना मुश्किल हो गया है। दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं धार्मिक स्थल में गंदा पानी पहुंचने से लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं और वे नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। भाजपा नेता मनप्रीत सिंह (बन्नी) संधू मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने नगर कौंसिल अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो नगर कौंसिल के खिलाफ करेंगे रोष प्रदर्शन।