नारी शक्ति वंदन थीम पर चित्रकला कार्यशाला आयोजित, छात्राओं ने रंगों में उकेरी सशक्तिकरण की तस्वीर
शाहगंज, जौनपुर।
राजकीय महिला महाविद्यालय में गुरुवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम थीम के अंतर्गत एक सृजनात्मक चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को कला के माध्यम से नारी सशक्तिकरण के भावों को अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का निर्देशन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने रंगों के जरिए महिला अधिकार, आत्मनिर्भरता और समानता जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यशाला के दौरान परिसर में उत्साह और रचनात्मकता का माहौल देखने को मिला। छात्राओं की कलाकृतियों में समाज में महिलाओं की बदलती भूमिका और उनके सशक्त स्वरूप की झलक साफ दिखाई दी।
महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे युवा पीढ़ी में जागरूकता और अभिव्यक्ति दोनों का विकास हो सके।