बवाल के दूसरे दिन भी छावनी बना रहा बांकेगंज, बाजार बंद – 19 आरोपी गिरफ्तार,किसी भी निर्दोष को न मिले सजा
संवाददाता : आकाश सिंह, लखीमपुर खीरी
बांकेगंज-खीरी, बृहस्पतिवार, 16 अप्रैल 2026।
अंबेडकर जयंती पर बांकेगंज में हुए बवाल के बाद दूसरे दिन भी कस्बे के हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके। हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन पूरे कस्बे को एहतियातन पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल, पीएसी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात हैं।
बुधवार को कस्बे में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। प्रशासन की ओर से हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो सके।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और केवल दोषियों पर ही कार्रवाई होगी, किसी भी निर्दोष को सजा नहीं दी जाएगी।
बवाल के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की थी। बुधवार को क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मैलानी थाना और बांकेगंज चौकी में खड़ा कराया गया। चौकी पर खड़ी डायल 112 और चौकी इंचार्ज की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। इस घटना में चौकी इंचार्ज भी घायल हुए हैं, जिनके हाथ पर पट्टी बांधी गई है।
जिस स्थान पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया था, वहां और आसपास की सड़कों पर फैले मलबे को भी साफ कराया गया। सफाई कर्मियों ने टूटे कांच, हेडलाइट और अन्य कचरे को हटाकर यातायात बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।
सुबह से ही उपजिलाधिकारी गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी समेत कई सर्किल के पुलिस अधिकारी, इंस्पेक्टर और अन्य पुलिस बल मौके पर डटे रहे। कस्बे में लगातार गश्त की जा रही है और हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।