सखी वन स्टॉप सेंटर, कोटा का निरीक्षण—पीड़ित महिलाओं को बेहतर सेवाएं देने के निर्देश।
कोटा, 15 अप्रैल 2026।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा के मार्गदर्शन में गीता चौधरी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा द्वारा बुधवार को सखी वन स्टॉप सेंटर, कोटा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव गीता चौधरी ने सेंटर में पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं जैसे चिकित्सा सहायता, विधिक सहायता, परामर्श सेवाएं एवं पुलिस सहायता की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सेंटर की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
सचिव ने निर्देशित किया कि सखी वन स्टॉप सेंटर पर आने वाली प्रत्येक पीड़ित महिला को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा पीड़ित प्रतिकर योजना के बारे में समुचित जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें और उन्हें आवश्यक सहयोग समय पर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सेंटर में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित प्रभारियों एवं स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। साथ ही अभिलेखों का परीक्षण कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निवारण किया जाए।
इस अवसर पर उपस्थित स्टाफ को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा पीड़ित महिलाओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।