रिश्तेदार ने युवक को मारी गोली, मौत; भाई घायल, गांव में तनाव
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बरी खास गांव में बुधवार देर रात रिश्तेदारी के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई भी घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, करनपुर पडरी निवासी 25 वर्षीय श्याम सुंदर बचपन से अपने ननिहाल बरी खास गांव में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसका गांव के ही एक रिश्तेदार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।
इसी दौरान आरोपी रिश्तेदार ने श्याम सुंदर पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव में आया उसका भाई भी घायल हो गया। उसने खुद को भी गोली लगने की बात कही है। घटना के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्याम सुंदर को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही सीओ सदर प्रयांक जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इलाके में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक की पत्नी मोनी देवी ने बताया कि आरोपी रिश्तेदार और श्याम सुंदर के बीच पहले अच्छे संबंध थे। रात में दोनों के बीच मजाक चल रहा था, लेकिन अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गोली चला दी।
सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।