झारखंड डिप्लोमा-इन-फार्मेसी वार्षिक परीक्षा 2026 के लिए दिशा-निर्देश जारी, परीक्षार्थी ध्यान दें
रांची: झारखंड में डिप्लोमा-इन-फार्मेसी वार्षिक सैद्धांतिक परीक्षा-2026(I) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा समिति, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार ने महत्वपूर्ण और कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से समिति ने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश और आचरण को लेकर स्पष्ट नियम तय किए हैं।
परीक्षार्थियों के लिए मुख्य निर्देश:
समय का पालन: परीक्षार्थी परीक्षा आरंभ होने से 1 घंटा पहले केंद्र पर प्रवेश कर सकते हैं। परीक्षा शुरू होने के समय के 30 मिनट बाद तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
अनिवार्य दस्तावेज: परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय 'एडमिट कार्ड' दिखाना अनिवार्य है। इसके साथ ही छात्रों को अपने कॉलेज आईडी कार्ड के अलावा आधार कार्ड या सरकार द्वारा जारी कोई अन्य फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा, जिसे मांगे जाने पर प्रस्तुत करना होगा।
सुरक्षा जांच: प्रवेश के समय मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही छात्रों को परीक्षा केंद्र के भीतर जाने दिया जाएगा।
प्रतिबंधित सामग्री: परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, नोट्स, किताबें या बैग ले जाना पूरी तरह वर्जित है। साथ ही, छात्रों को 'एप्रन' पहनकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
उत्तरपुस्तिका संबंधी नियम: उत्तरपुस्तिका के अग्रपृष्ठ (Title Page) को भरने के बाद, परीक्षार्थियों के लिए 'पार्ट-1' को उत्तरपुस्तिका के अगले भाग में दी गई काली पट्टी (Black Strip) से चिपकाना अनिवार्य है।
अनुशासन: परीक्षा के दौरान शांति भंग करने या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने का प्रयास करने पर परीक्षा समिति द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा समिति ने सभी छात्रों से परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण सहयोग बनाए रखने की अपील की है।